पुलिस उपमहानिरीक्षक से की गई शिकायत में लगाये गंभीर आरोप
गोण्डा। जिले के नवाबगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत तुलसीपुर माझा निवासी रामदेव यादव को विपक्षी के विरुद्ध पेड़ काटने व अवैध मिट्टी खनन की आईजीआरएस के माध्यम से शिकायत महंगी पड़ गई। असंतुष्टी जताने पर जाँच कर्ता दरोगा ने हवालात में डालकर 151 में चालान कर दिया।जिसकी शिकायत पीड़ित ने पुलिस उपमहानिरीक्षक से करते हुये दरोगा अमर पटेल पर गंभीर आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
थानाक्षेत्र के तुलसीपुर माझा गाँव कर मजरे पूरे रामप्रसाद के रहने वाले रामदेव यादव ने विपक्षी राम महेश व गुलशन यादव पर खेत की मेढ़ पर लगे दर्जनों पेड़ काटने का आरोप लगाया था। मामले की जांच आईजी के निर्देश पर नवाबगंज थाने के उपनिरीक्षक अमर पटेल ने की,जिसमें रिपोर्ट विपक्षी के पक्ष में लगा दी और मामला निस्तारित कर दिया। जिसकी जानकारी होने पर राम देव ने असंतुष्टि का फीडबैक दर्ज करा दिया। शुक्रवार को थाने से दो सिपाही रामदेव को यह कहकर थाने लेकर चले आये कि शिकायत मामले में बयान दर्ज होना है। रामदेव ने बताया कि थाने पहुँचते ही अमर पटेल ने गाली देते हुए हवालात में बंद कर दिया। और घंटे भर बाद कहा कि चार हजार रूपये दे दो तो छोड़ दूंगा। नहीं तो 151 में जेल भेज दूंगा। लेकिन जब मैंने रूपये देने से मना किया तो बोले कि तुम्हे इस बार 151 में भेज दे रहा हूँ अगली बार शिकायत की तो फर्जी मुकदमे में जिंदगी बर्बाद कर दूंगा। और देर शाम चालान कर दिया। रामदेव ने आहत होकर इस मामले की शिकायत सोमवार को आईजी के लिखित रूप से की है। रामदेव का कहना है कि वन दरोगा, लेखपाल व पुलिस ने विपक्षी से सांथगांठ कर रखा है और उसीके पक्ष में रिपोर्ट लगा रहे हैं। कटे पेड़ों की फोटो भी उपलब्ध है। विपक्षी जड़ उखड़वा लें गए इसलिए अब मौके पर कुछ नहीं है । खनन मामले में जमीन हरिजन की है और खनन राम महेश व गुलशन ने किया है फिर भी लेखपाल उसे वैध बता कर रिपोर्ट लगा रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें स्थानीय पुलिस से खतरा है।