
केन्द्रीय विदेश राज्य मंत्री के आवास पहुंचकर, उप मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री को दी श्रद्धांजलि
गोण्डा। शनिवार को उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गोंडा के मनकापुर पहुँचे।जहाँ उन्होंने केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह के आवास पर पहुंचकर उनके स्वर्गीय पिता एवं प्रदेश सरकार में पूर्व मंत्री व पूर्व सांसद रहे आनंद सिंह के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोकसंतप्त परिवारजनों से भेंट कर अपनी गहन संवेदनाएं व्यक्त कीं तथा प्रभु श्रीराम जी से दिवंगत पुण्यात्मा की शांति और परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के साथ संवाद किया एवं मनकापुर विकासखंड परिसर में कृषि विभाग, स्वास्थ्य विभाग, ग्रामीण आजीविका मिशन, पंचायती राज विभाग सहित कई विभागों के द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्वयं सहायता समूह के द्वारा बनाए गए अरगा ब्रांड के उत्पादों की जमकर सराहना की। इसके अलावा उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर उन्होंने जनपद के सभी मीडिया बंधुओं के साथ प्रेस वार्ता कर सरकार की उपलब्धियां के बारे में जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश के मा0 मुख्यमंत्री जी के मार्ग दर्शन में प्रदेश लगातार विकास की ओर अग्रसर है। सरकार के द्वारा लगातार विकास कार्य किया जा रहा है। जनपद गोंडा में भी बहुत सारे विकास कार्य हुये हैं जिससे गोंडा की तस्वीर पहले से काफी बदली हुई है।
सपा मुखिया अखिलेश यादव पर जमकर हमला बोला।
उन्होंने अखिलेश के पीडीए को फर्जी पीडीए बताते हुये कहा कि,अखिलेश यादव अहंकारी हैं ,वे शब्दों की मर्यादा का ख्याल नहीं रखते और अपशब्दों का इस्तेमाल करते हैं।जो उनका इतिहास बताता है।उप मुख्य मंत्री ने कहा कि,अखिलेश यादव पिछड़े वर्ग की बात तो करते हैं,लेकिन उन्हें पिछड़े वर्ग का कोई नेता बर्दाश्त नहीं है।
उन्होंने राहुल गांधी पर कहा कि,वह विरासत की सियासत करते हैं,ढोंग कर किसी तरह निन्यानवे पर तो पहुँच गये,पर 2047 तक वह अर्धशतक के लिये तरसेंगे।
उप मुख्यमंत्री ने मीडिया से कहा कि,देश विरोधी,समाज विरोधी किसी समाज को तोड़ने वाली किसी भी कार्य को आप प्रमुखता से उठायें।किसी भी गैर कानूनी कार्य को चलने नहीं दिया जायेगा पुलिस और प्रशासन और सरकार उस पर कड़ी कार्रवाई करेगा।
उन्होंने यह भी कहा कि,गोंडा सहित पूरे प्रदेश में कानून का राज कायम है। कोई भी माफिया या भ्रष्टाचारी अब कानून की नजर से बच नहीं सकता है।
जो भी कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करेगा उसके खिलाफ सरकार सख्ती से निपटेगी।
इस दौरान विधायक प्रेम नारायण पाण्डेय, विनय कुमार द्विवेदी, भाजपा के जिला महामंत्री आशीष त्रिपाठी, जिलाधिकारी नेहा शर्मा, मुख्य विकास अधिकारी अंकिता जैन, पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी व प्रशासनिक अधिकारीगण मौजूद रहे।





























































































