
मिर्जापुर, बस्ती,जालौन की संभाल चुकीं हैं कमान,नदियों की उद्धारकर्ता के रूप में पहचान, पीएम भी कर चुके हैं तारीफ
गोण्डा।उत्तर प्रदेश की प्रशासनिक स्तर पर हुये एक बड़े फेरबदल के क्रम में मिर्जापुर की डीएम प्रियंका निरंजन को गोण्डा का डीएम बनाया गया है।वहीं गोण्डा में लगभग दो वर्षों से डीएम रहीं नेहा शर्मा को लखनऊ में महानिरीक्षक निंबंधन के पद पर तैनाती दी गई है।बता दे कि,गोण्डा की नई डीएम
प्रियंका निरंजन उत्तर प्रदेश कैडर की 2013 बैच की आईएएस अधिकारी हैं। मिर्जापुर की जिलाधिकारी बनने से पहले वह बस्ती व जालौन जिलों की कमान संभाल चकीं हैं। इसी के साथ वह लखनऊ सरकार में सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग की विशेष सचिव और मिर्जापुर की मुख्य विकास अधिकारी भी रह चुकी हैं। उन्होंने अपनी स्कूली शिक्षा जालौन से पूरी की है। इसके बाद उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से स्नातक किया है । और इलाहाबाद विश्वविद्यालय से ही उन्होंने अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की है तथा वहीं शोध छात्रा प्रियंका निरंजन ने 2012 की सिविल सेवा परीक्षा में 20वां स्थान प्राप्त किया था। नदियों के उद्धारकर्ता के रूप में जानी जाने वाली प्रियंका निरंजन की पीएम ने भी तारीफ की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में नून नदी के पुनरुद्धार के लिए 2013 उनकी प्रशंसा की थी। 20 वर्षों से विलुप्त होने के कगार पर पहुंची इस नदी को जनभागीदारी से पुनर्जीवित किया गया और अब इससे हजारों किसानों को लाभ होगा। श्रीमती निरंजन इससे पहले मिर्ज़ापुर में ‘कर्णावती नदी’ पर काम कर चुकी हैं, जिसके लिए मिर्ज़ापुर को राष्ट्रीय जल पुरस्कार मिला था। मनोरमा नदी (130 किलोमीटर लंबी नदी) के जीर्णोद्धार का काम विश्व जल संरक्षण दिवस 22 मार्च, 2023 को श्रीमती निरंजन द्वारा डीएम बस्ती रहते हुए शुरू किया गया था। उन्होंने स्वयं फावड़ा चलाकर इस नदी को वापस स्वरूप में लाने का बीड़ा उठाया था। जिसके फलस्वरूप एक बार फिर मनोरमा नदी धीरे-धीरे अपने पुराने अस्तित्व में लौट रही है।





























































































