नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में 300 से ज़्यादा ब्रांड और 8,000 से अधिक हितधारकों की भागीदारी के साथ इंडिया हेल्थ 2025 की भव्य शुरुआत। हेल्थकेयर क्षेत्र में सिंगल स्पेशियलिटी मॉडल पर आधारित श्वेत पत्र जारी। दो समानांतर कॉन्फ्रेंस, ग्लोबल मेडटेक कनेक्ट और हेल्थकेयर 360° की शुरुआत, प्रमुख इंडस्ट्री संगठनों के सहयोग से आयोजित यह इवेंट ‘मेक इन इंडिया’ और ‘डिजिटल हेल्थ मिशन’ के विज़न को साकार करता है।

नई दिल्ली, 11 जुलाई 2025: इंडिया हेल्थ एग्ज़िबिशन 2025 के दूसरे संस्करण की भव्य शुरुआत हुई। नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में इनफॉर्मा मार्केट्स इन इंडिया द्वारा आयोजित यह तीन दिवसीय आयोजन 13 जुलाई तक चलेगा। यह कार्यक्रम देश में हेल्थकेयर और मेडिकल टेक्नोलॉजी (मेडटेक) सेक्टर की तेज़ी से बढ़ती ज़रूरतों और संभावनाओं को दर्शाता है। अनुमान है कि वित्त वर्ष 2025–26 में इस क्षेत्र में नौकरियों में 15 से 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी, जो इस बात का संकेत है कि तकनीक आधारित हेल्थकेयर समाधानों की मांग लगातार बढ़ रही है और स्वास्थ्य सेवाओं में टेक्नोलॉजी का उपयोग तेज़ी से बढ़ रहा है।

उद्घाटन समारोह में कई प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति रही। मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. जितेन्द्र शर्मा (प्रबंध निदेशक व संस्थापक सीईओ, आंध्र प्रदेश मेडटेक ज़ोन ) डॉ. गिरधर ज्ञानी (महानिदेशक, एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स इंडिया), राजीव नाथ (एमडी, हिंदुस्तान सिरिंज एंड मेडिकल डिवाइस लिमिटेड और फोरम कोऑर्डिनेटर) वीणा कोहली (सीईओ, वेंगार्ड डायग्नोस्टिक्स), हिमांशु बैद (एमडी, पॉली मेडिक्योर और वाइस प्रेसिडेंट, नै‍टहेल्‍थ),  योगेश मुद्रास (एमडी, इनफॉर्मा मार्केट्स इंडिया), गोप मेनन (सीएफओ, इनफॉर्मा मार्केट्स) और राहुल देशपांडे (सीनियर ग्रुप डायरेक्टर, इनफॉर्मा मार्केट्स इंडिया) जैसे गणमान्य लोग भी उपस्थित थे।

विशाखापत्तनम स्थित आंध्र प्रदेश मेडटेक ज़ोन में दुनिया की पहली समर्पित मेडिकल टेक्नोलॉजी यूनिवर्सिटी शुरू होने जा रही है। इसकी घोषणा एएमटीज़ेड के प्रबंध निदेशक, संस्थापक और सीईओ डॉ. जितेंद्र शर्मा ने की। यह नवाचार आधारित संस्था एम टेक, एमबीए और पीएचडी जैसे उच्च स्तरीय डिग्री कार्यक्रमों की पेशकश करेगी, जिसका उद्देश्य मेडिकल टेक्नोलॉजी क्षेत्र में कौशल विकास को एक नई दिशा देना है। इस ऐतिहासिक पहल को राजीव नाथ (मैनेजिंग डायरेक्टर, हिंदुस्तान सिरिंजेस एंड मेडिकल डिवाइसेज़ लिमिटेड व फोरम कोऑर्डिनेटर, AIMED), सुरेश वज़ीरानी (फाउंडर चेयरमैन, एरबा ट्रांसएशिया) और डॉ. गिरधर ज्ञानी (महानिदेशक, एसोसिएशन ऑफ हेल्थकेयर प्रोवाइडर्स इंडिया) जैसे कई प्रमुख उद्योग नेताओं का समर्थन प्राप्त है।

यह यूनिवर्सिटी नवाचार, अनुसंधान और उच्च गुणवत्ता वाली मैन्युफैक्चरिंग विशेषज्ञता के लिए एक वैश्विक केंद्र के रूप में कार्य करेगी। उद्योग, शिक्षा और नियामक संस्थानों के बीच मज़बूत सहयोग के ज़रिए यह पहल भारत को आत्मनिर्भर बनाएगी, मेडटेक निर्यात को बढ़ावा देगी और देश को एडवांस मेडिकल डिवाइस मैन्युफैक्चरिंग का वैश्विक हब बनाने में मदद करेगी।

इनफॉर्मा मार्केट्स इंडिया के प्रबंध निदेशक योगेश मुद्रास ने कहा, “स्वास्थ्य सेवा हमेशा से भारत की प्राथमिकताओं में रही है। और अब यह क्षेत्र निर्णायक बदलाव के दौर से गुजर रहा है। तेजी से बढ़ती आबादी, सक्रिय सरकारी नीतियों और अपनी-देखभाल पर बढ़ते फोकस के चलते यह सेक्टर वर्ष 2030 तक अनुमानित 638 अरब डॉलर के आकार तक पहुँचने की ओर अग्रसर है। भारत का मेडिकल टूरिज़्म बाज़ार भी 16.21 अरब डॉलर तक पहुँचने की राह पर है, जो वैश्विक स्वास्थ्य यात्रियों के लिए भारत को एक प्रमुख गंतव्य बना रहा है।”इंडिया हेल्थ 2025 का यह संस्करण स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की संपूर्ण श्रृंखला को समेटे हुए है और इसमें 300 से अधिक अग्रणी ब्रांड एकत्र हुए हैं, जिनमें चिकित्सा उपकरण, डायग्नॉस्टिक्स, ऑर्थोपेडिक्स, स्वास्थ्य आईटी सिस्टम्स, बुनियादी ढांचा और वेलनेस सॉल्यूशंस शामिल हैं।

इस आयोजन में 8,000 से अधिक पेशेवरों के भाग लेने की उम्मीद है, जिनमें बायोमेडिकल इंजीनियर, रेडियोलॉजिस्ट, पैथोलॉजिस्ट, अस्पतालों के खरीद प्रमुख, क्लिनिशियन, अनुसंधान एवं विकास विशेषज्ञ तथा चिकित्सा प्रौद्योगिकी के नियामक शामिल हैं। इस बार प्रतिभागियों में 95% घरेलू और 5% अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधित्व है। अंतरराष्ट्रीय सहभागिता में इटली, यूएई और इथियोपिया जैसे देशों की भागीदारी विशेष उल्लेखनीय रही। स्टार्टअप इंडिया मिशन पर केंद्रित एक विशेष सेक्शन के तहत इस वर्ष एक समर्पित स्टार्टअप और मेडिकल लैबोरेटरी पेवेलियन प्रस्तुत किया गया है, जो नवाचारों को बढ़ावा देने के साथ-साथ उद्यमशील युवाओं को मंच प्रदान करता है। इसके साथ ही, आयोजकों ने एक नया B2B मैचमेकिंग ऐप लॉन्च किया है, जो खरीदारों और विक्रेताओं के बीच कारोबारी मेलजोल को तेज़, सुविधाजनक और लक्ष्य-उन्मुख बनाने में मदद करेगा।

सम्मेलन में भाग लेने वाले प्रमुख विशेषज्ञों में फोर्टिस, ट्रांसएशिया बायो-मेडिकल्स, बीपीएल मेडिकल टेक्नोलॉजीज़ प्रा. लि., जीई हेल्थकेयर, मेडिकवर हॉस्पिटल्स, डैन्हर कॉर्पोरेशन, एपेक्स हॉस्पिटल्स, बायोरएक्स वेंचर एडवाइजर्स, एमटीएआई और सर्वोदय हॉस्पिटल्स जैसी अग्रणी कंपनियों के विशेषज्ञ शामिल रहे।

प्रैक्सिस ग्लोबल अलायंस और इनफॉर्मा मार्केट्स इंडिया के सहयोग से आज एक विशेष श्वेत पत्र (व्‍हाइट पेपर) भी जारी किया गया, जिसमें हेल्थकेयर सेक्टर की मौजूदा चुनौतियों के समाधान के तौर पर सिंगल स्पेशियलिटी अस्पतालों की बढ़ती लोकप्रियता पर महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की गईं।

इंडिया हेल्थ एग्ज़िबिशन 2025 को चिकित्सा उपकरण उद्योग संघ, स्वास्थ्य सेवा प्रदाता संघ (भारत) चिकित्सा उपकरणों के लिए निर्यात संवर्धन परिषद। भारतीय चिकित्सा प्रौद्योगिकी संघ एवं एसोसिएशन ऑफ डायग्नोस्टिक मैन्युफैक्चर ऑफ इंडिया जैसे प्रमुख इंडस्ट्री संगठनों का समर्थन प्राप्त है। इससे यह सुनिश्चत होता है कि यह आयोजन ‘मेक इन इंडिया’ और ‘डिजिटल हेल्थ मिशन’ जैसे राष्ट्रीय अभियानों के साथ-साथ हेल्थ सेक्टर की प्राथमिकताओं के अनुरूप बना हुआ है।

इनफॉर्मा मार्केट्स के बारे में –

इनफॉर्मा मार्केट्स विभिन्न उद्योगों और विशेषज्ञ क्षेत्रों के लिए व्यापार, नवाचार और विकास के मंच तैयार करता है। हेल्थकेयर, हॉस्पिटैलिटी, ट्रैवल, रियल एस्टेट और टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में इसके 450 से अधिक अंतरराष्ट्रीय बीटूबी इवेंट्स और ब्रांड्स हैं। इनफॉर्मा मार्केट्स पेशेवरों को एक साथ लाकर बिज़नेस के नए अवसरों को बढ़ावा देता है। सहयोग को प्रोत्साहित करते हुए और नवाचार को मंच प्रदान करके, यह संगठन उद्योगों को नए रुझानों की खोज और संभावित साझेदारियों की दिशा में प्रेरित करता है।