गोण्डा।जिले के नवाबगंज में एक किसान की ट्रैक्टर की बैट्री वारंटी के दौरान नहीं बदलना दुकानदार को मंहगा पड़ गया है। पीड़ित किसान अपनी बैट्री लेकर थाने पंहुच गया और दुकानदार के खिलाफ तहरीर दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
वजीरगंज थाना क्षेत्र के चंदापुर चाईं पुरवा निवासी किसान संजय जायसवाल पुत्र राधेश्याम जायसवाल ने मंगलवार की शाम थाने पर दी गई तहरीर में कहा कि उन्होंने नवाबगंज कस्बे के सोतीपुल के पास स्थित मछली मंडी में एके बैट्री सर्विस के यहां से सन 2023 में 8000 रूपये देकर ट्रैक्टर के लिए एक्साइड की बैट्री ली थी। दुकानदार ने बैट्री देते समय 18 महीने की गारंटी और 36 महीने की वारंटी की बात बताते हुए वारंटी कार्ड भी बनाया था। किसान का कहना है कि वारंटी अवधि के दौरान उनकी बैट्री खराब हो गई है। मंगलवार की सुबह जब वह बैट्री लेकर दुकानदार के पास गया तो उसने इधर-उधर की बात की और कहा कि शाम को आना। शाम को जब किसान दुबारा दुकानदार के पास गया तो दुकानदार ने कहा कि 05 हजार रूपये दो तब बैट्री बदलेगी।जिसके बाद परेशान किसान साइकिल पर बैट्री बांधकर थाने पंहुच गया और दुकानदार के खिलाफ तहरीर दे दी।
थाना अध्यक्ष अभय सिंह ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है।