उमरिया – मध्य प्रदेश पंचायत उपबंध (अनुसूचित क्षेत्र पर विस्तार) नियम 2022 के अंतर्गत जनपद पंचायत पाली के ग्राम पंचायत गोयरा में शांति एवं विवाद निवारण समिति के द्वारा पारिवारिक झगड़े का निराकरण किया गया।समिति व्दारा पारंपरिक पद्धति से ग्राम सभा में बैठक आयोजित करके अभी तक 10 मामलों का निराकरण किया गया है।

कपिल यादव एवं पुष्पेंद्र यादव के बीच पारिवारिक विवाद को लेकर मारपीट हो गई थी। मामले की जानकारी पेसा मोबिलाइजर रोशनी सिंह को मिली।रोशनी सिंह द्वारा इसकी जानकारी पेसा ग्राम सभा अध्यक्ष राममोल सिंह को दी गई।अध्यक्ष द्वारा तत्काल ग्रामसभा आयोजित कर ग्रामसभा में दोनों पक्षों को बुलाया गया तथा दोनों पक्षों की बात सुनी गई तत्पश्चात दोनों के बीच में आपसी समझौता कराया गया।अध्यक्ष ने समझाइश दी कि परिवार में किसी भी तरह का लड़ाई झगड़ा नहीं होना चाहिए। दोनों परिवार हंसी खुशी से अपना जीवन यापन करें तथा परस्पर सहयोग करें। बैठक में ग्राम पंचायत के सरपंच श्रीमती अनुसूईया बाई,पेसा मोबिलाइजर रोशनी सिंह एवं राजपाल, दुर्गाप्रताप पूरन सिंह एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।