उमरिया । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर व्ही एस चंदेल ने बताया कि एम आर वैक्सीन एक ऐसा टीका है जो आपके बच्चे को खसरा, कण्ठमाला और रूबेला से बचा सकता है। ये गंभीर वायरल संक्रमण हैं जो निमोनिया , मस्तिष्क की सूजन , अंधापन, सुनने की क्षमता में कमी और मृत्यु जैसी जटिलताओं का कारण बनता है।

जिला टीकाकरण अधिकारी डॉक्टर रिचा गुप्ता द्वारा बताया गया कि 12 जुलाई तक आयोजित कैचअप राउंड के दौरान योजनबद्ध सत्रों को टीकाकरण के यूविन पोर्टल पर शत् प्रतिशत संचालित कर टीकाकरण की एंट्री की गई है। डॉ ऋचा गुप्ता ने बताया कि शिशु को टीकाकरण हेतु एम आर कैच अप कवच के अंतर्गत करकेली ब्लाक के मझगवां और कारीमाटी क्षेत्रों में झमाझम बारिश के बीच नदी- नाले पार कर छूटे हुए बच्चों का टीकाकरण किया गया। बैगा जनजाति के प्रतिरोधी परिवारों के बीच जाकर वीसीसीएम, सुपरवाइजर एएनएम और आशा की टीम के साथ स्वयं जिला टीकाकरण अधिकारी के द्वारा परिवार जनों की टीकाकरण संबंधित भ्रांतियों को दूर कर टीकाकरण हेतु प्रेरित किया गया और एम आर 1, एम आर 2 एवं अन्य वैक्सीन से छूटे हुए बच्चों को बुलाकर उनका टीकाकरण करवाया गया तथा जनमानस को टीकाकरण से संबंधित जागरूकता हेतु विस्तृत जानकारी भी दी गई । इस गतिविधि में सेक्टर सुपरवाइजर प्यारेलाल महोबिया एएनएम शीला ग्राम आशा कार्यकर्ता एवं ग्राम के निवासी उपस्थित रहे।