भरतपुर, राजस्थान:
भरतपुर जिले के लखनपुर थाना क्षेत्र स्थित पिंगोरा गांव में पुश्तैनी जमीन के विवाद ने एक परिवार को तोड़कर रख दिया। आपसी झगड़े में बड़े भाई ने छोटे भाई को सरेआम गोली मार दी, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। यह दिल दहला देने वाली वारदात रविवार देर शाम सामने आई, जिसने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया।

जमीन के झगड़े ने छीनी जान

पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान दौलत (40) के रूप में हुई है, जबकि आरोपी बड़ा भाई विजेंद्र (62) है, जो पहले पुलिस विभाग में कार्यरत था और दो साल पूर्व रिटायर हुआ था। घटना के पीछे का कारण पुश्तैनी जमीन का बंटवारा और खेती की आमदनी को लेकर चल रहा विवाद बताया जा रहा है।

झगड़ा खेत के पैसों और हिस्से को लेकर

दौलत के भाई राजेंद्र (50) ने बताया कि उनके पिता निर्भय लाल के पास कुल 18 बीघा पुश्तैनी जमीन थी, जिसे चारों बेटों में बांट दिया गया था। इसके अलावा, 5 बीघा जमीन और खरीदी गई थी, जिसे उनकी मां गौरा देवी के नाम किया गया था। तीनों भाई – दौलत, दाऊ दयाल और राजेंद्र – अपने हिस्से की जमीन पर खेती कर रहे थे। लेकिन रिटायरमेंट के बाद विजेंद्र गांव लौट आया और दावा करने लगा कि 5 बीघा जमीन उसकी है और खेती से हुए मुनाफे में भी उसका हिस्सा होना चाहिए।

झगड़े के दौरान चलाई गोली

राजेंद्र के मुताबिक, रविवार देर शाम विजेंद्र अपने बेटे नरेंद्र और एक अन्य व्यक्ति के साथ दौलत के घर पहुंचा। जमीन के बंटवारे को लेकर कहासुनी इतनी बढ़ गई कि विजेंद्र ने कट्टा निकालकर दौलत के सीने में गोली मार दी। गोली की आवाज सुनकर राजेंद्र मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक विजेंद्र दौलत को घसीटते हुए बाहर निकाल चुका था और फरार हो गया।

इलाज के दौरान हुई मौत, आरोपी गिरफ्तार

गंभीर रूप से घायल दौलत को पहले लखनपुर के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे भरतपुर के आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान दौलत ने दम तोड़ दिया। पुलिस के मुताबिक, भागते समय आरोपी विजेंद्र घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल के जेल वार्ड में भर्ती कराया गया है।

पुलिस कर रही है मामले की जांच

लखनपुर थाने के एएसआई रामसहाय ने बताया कि हत्या के आरोपी विजेंद्र के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा। पुलिस अब हत्या के पीछे की पूरी परिस्थितियों की जांच कर रही है, साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि हत्या की साजिश में और कौन-कौन शामिल था।