करौली/हिंडौन सिटी, 24 जुलाई:
राजस्थान के करौली जिले में एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। बुधवार शाम को मोटरसाइकिल से नदी पर बनी पुलिया पार कर रहे एक व्यक्ति और उसका बेटा उफनते पानी के तेज बहाव में बह गए। हादसे में बेटे सोहेल खान का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि पिता राजसुद्दीन अब भी लापता हैं।

जानकारी के अनुसार, करौली शहर कोतवाली क्षेत्र के चौबे पाड़ा निवासी राजसुद्दीन अपने बेटे सोहेल खान के साथ मोटरसाइकिल से हिंडौन-गंगापुर सिटी राजमार्ग स्थित पुलिया को पार कर रहे थे। इसी दौरान उनकी बाइक फिसलकर गंभीर नदी में जा गिरी।

घटना के समय पांचना बांध के दो गेट खोलकर पानी छोड़ा गया था, जिससे नदी में तेज बहाव था। प्रशासन ने पहले ही पुलिया पर वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा रखी थी, बावजूद इसके कुछ लोग जोखिम उठाते नजर आ रहे हैं।

सूचना मिलने पर पुलिस और SDRF (राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल) की टीम मौके पर पहुंची और तलाशी अभियान शुरू किया गया। सोहेल खान का शव बरामद कर लिया गया है, लेकिन राजसुद्दीन की तलाश अब भी जारी है।

भरतपुर जिला प्रशासन ने पहले ही गंभीर नदी में तेज बहाव के कारण अलर्ट जारी किया था। पुलिस अब लगातार गश्त कर रही है और नदी किनारे रील या स्टंट बनाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।