जयपुर के राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (RIC) में मंगलवार को भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) का 68वां स्थापना दिवस मनाया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने समारोह में हिस्सा लिया और सभी अधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भ्रष्टाचार एक ऐसी दीमक है जो व्यवस्थाओं को अंदर से खोखला कर देती है। इससे जनता के हक छिनते हैं और समाज में असमानता बढ़ती है। उन्होंने कहा कि भ्रष्ट अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। सरकार ने भ्रष्ट अधिकारियों की पेंशन रोकने जैसे सख्त कदम भी उठाए हैं।

भजनलाल शर्मा ने बताया कि सरकार ने भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई है। हाल ही में ACB ने अपने ही एडिशनल एसपी को ट्रैप कर यह साबित किया है कि ब्यूरो के अंदर भी कड़ी कार्रवाई हो रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जब तक हमारा तंत्र मज़बूत नहीं होगा, तब तक भ्रष्टाचार पर रोक लगाना मुश्किल है। सरकार पुलिस और प्रशासन को सभी जरूरी संसाधन दे रही है ताकि काम बेहतर हो सके।

इस अवसर पर राज्य के मुख्य सचिव सुधांश पंत ने भी ACB को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अब फाइलों का निस्तारण तेजी से हो रहा है और फैसले लटकाना ही भ्रष्टाचार की असली जड़ है।

समारोह में वरिष्ठ अधिकारियों और ACB टीम के कई सदस्य मौजूद रहे।