जयपुर, 25 जुलाई

बारिश के मौसम में जर्जर भवनों से जान-माल के खतरे को देखते हुए जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने सभी संबंधित विभागों को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में खतरनाक हालत में मौजूद भवनों और संरचनाओं को चिन्हित कर नियमानुसार ध्वस्त करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए।

डॉ. सोनी ने नगर निगम, नगरपालिका, नगर परिषद और ग्राम पंचायतों को निर्देश दिया है कि वे अभियान चलाकर ऐसे जर्जर भवनों की सूची बनाएं, जो अभी भी उपयोग में हैं – चाहे वे आवासीय हों या स्कूल, अस्पताल या सरकारी कार्यालय के रूप में उपयोग हो रहे हों।

भवन स्वामियों को नोटिस देकर निर्धारित समय में भवन खाली कराने की प्रक्रिया अपनाने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिला कलेक्टर ने आमजन से अपील की है कि वे स्वयं या किरायेदार के रूप में किसी भी असुरक्षित भवन में रह रहे हों, तो जल्द से जल्द वह भवन खाली कर लें। प्रशासन जन सुरक्षा के लिए पूरी तरह सजग और प्रतिबद्ध है।

साथ ही, संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है कि वे समन्वय के साथ नियमित मॉनिटरिंग करें, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समय रहते रोका जा सके।