उदयपुर। जिले के गोगुंदा क्षेत्र में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां पारिवारिक तनाव से परेशान होकर एक युवक ने आत्मघाती कदम उठा लिया। हीरालाल प्रजापत नामक युवक ने अपनी दुकान पर सल्फास की गोलियां खा ली, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर देखते हुए जिला अस्पताल रैफर किया, लेकिन इलाज के दौरान ही हीरालाल की मौत हो गई।
मृतक ने मौत से पहले जोर-जोर से चिल्लाकर अपने परिवार के सदस्यों पर गंभीर आरोप लगाए। उसने एक सुसाइड नोट छोड़ने की बात कही थी। सूचना मिलने पर गोगुंदा थानाधिकारी श्याम सिंह चारण मौके पर पहुंचे और दुकान की तलाशी ली। इस दौरान एक कॉपी में सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें हीरालाल ने अपनी मां, भाई, बहन सहित कई अन्य पर मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
जिला अस्पताल में हीरालाल के शव का पोस्टमार्टम किया जा रहा है। मृतक के बड़े बेटे विनोद प्रजापत ने थाने में मामला दर्ज करवाया है। पुलिस ने आत्महत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की पुष्टि और परिजनों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































