जयपुर, 28 जुलाई:
हरियाली तीज के अवसर पर जयपुर जिला प्रशासन ने एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रेरणा और जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी के नेतृत्व में सोमवार को जयपुर जिले में एक ही दिन में 42 लाख 2 हजार 139 पौधे लगाए गए। यह संख्या निर्धारित लक्ष्य (21 लाख) से दोगुनी है और पूरे राजस्थान में पहला स्थान दिलाने वाली रही।
मुख्यमंत्री ने 76वें वन महोत्सव के तहत मदाऊ स्थित संस्कृत विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण कर अभियान की शुरुआत की। इस ऐतिहासिक अभियान को ‘मिशन हरियालो राजस्थान’ के तहत चलाया गया, जिसमें सरकारी विभागों, स्थानीय निकायों, निगमों और आम जनता की बड़ी भागीदारी रही।
प्रमुख आंकड़े:
- शिक्षा विभाग: 14.58 लाख पौधे
- मनरेगा: 6.38 लाख
- प्रदूषण नियंत्रण मंडल: 5.02 लाख
- स्थानीय स्वशासन विभाग: 2.90 लाख
- नगर निगम हैरिटेज: 2.07 लाख
- नगर निगम ग्रेटर: 1.05 लाख
- पंचायती राज विभाग: 1.12 लाख
- PWD: 1.39 लाख
वन महोत्सव के दौरान कई क्षेत्रों में कार्यक्रम जन महोत्सव में तब्दील हो गए, जहाँ ग्रामीण गीत-संगीत, लोक-नृत्य और स्थानीय उत्साह ने माहौल को हराभरा कर दिया।
उप वन संरक्षक वी. केतन कुमार ने बताया कि यह उपलब्धि एक मजबूत कार्ययोजना, सतत निगरानी और विभागीय समन्वय का नतीजा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान से प्रेरणा लेते हुए यह अभियान हरियाली तीज पर पूरे जिले में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






















































































































