जयपुर। राजस्थान की सांस्कृतिक राजधानी जयपुर आज और कल तीज महोत्सव के रंग में रंगी नजर आएगी। तीज पर्व के उपलक्ष्य में राजधानी में दो दिवसीय भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें पारंपरिक शोभायात्रा, लोक कलाओं का प्रदर्शन, शाही सवारी और विविध सांस्कृतिक कार्यक्रमों का समावेश होगा।
राज्य की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने प्रदेशवासियों को तीज पर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने जयपुरवासियों से इस उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की।
पहली बार छोटी चौपड़ पर होगी भव्य महाआरती
तीज माता की शाही सवारी शनिवार को सिटी पैलेस स्थित जनानी ड्योढ़ी से प्रारंभ होगी। ऐतिहासिक परंपरा अनुसार, सवारी त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, बड़ी चौपड़, गंगौरी बाजार होते हुए तालकटोरा तक पहुंचेगी। इस बार विशेष आकर्षण के रूप में छोटी चौपड़ पर पहली बार तीज माता की महाआरती का आयोजन किया जाएगा, जो श्रद्धालुओं के लिए एक अद्भुत आध्यात्मिक अनुभव होगा।
सांस्कृतिक धरोहर और लोक परंपराओं का अद्भुत संगम
शोभायात्रा में परंपरागत रूप से सजे-धजे हाथी, घोड़े, ऊंट और बैल शामिल होंगे। इसके साथ ही बैंड-बाजे, शहनाई, ढोल-नगाड़े और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज जयपुर की गलियों को महकाएगी। राजस्थानी लोक कलाकार, नर्तक दल, बग्घियां और बैलगाड़ियां शोभायात्रा में लोक-संस्कृति की जीवंत प्रस्तुति देंगे।
जयपुर की सड़कों पर तीज माता की इस यात्रा के दौरान पारंपरिक लवाजमे के साथ अनेक झांकियां, रंग-बिरंगे वस्त्रों में सजे कलाकार और महिलाओं की भागीदारी इस पर्व को जनोत्सव में बदल देगी।
शिल्पकला, व्यंजन और पर्यटन को बढ़ावा
तेीज महोत्सव के दौरान राजस्थान के विभिन्न जिलों से आए शिल्पकारों द्वारा हस्तशिल्प प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही पारंपरिक राजस्थानी व्यंजनों के स्टॉल भी लगाए जाएंगे, जहां पर्यटक दाल-बाटी, गट्टे की सब्जी, केर-सांगरी, घेवर और अन्य प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। साथ ही रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगी।
इस आयोजन से न केवल प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को सशक्त मंच मिलेगा, बल्कि जयपुर के पर्यटन को भी बड़ा बढ़ावा मिलेगा। देश-विदेश से आए पर्यटकों की भागीदारी से यह आयोजन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी चर्चा में रहेगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
महोत्सव के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए पुलिस प्रशासन और नगर निगम की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हर मार्ग और प्रवेश द्वार पर सुरक्षा जांच की व्यवस्था की गई है। साथ ही मेडिकल टीम, फायर ब्रिगेड और राहत दलों को भी स्टैंडबाय रखा गया है।






















































































































