जयपुर/सिरोही। राजस्थान पुलिस की अपराध शाखा (CID क्राइम ब्रांच) ने एक बड़े कोयला घोटाले का पर्दाफाश किया है। अमेरिका से आयातित उच्च गुणवत्ता वाले कोयले (पेटकोक) में मिलावट कर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी की जा रही थी। सिरोही जिले के पिंडवाड़ा-आबूरोड NH-27 पर स्थित एक बंद फैक्ट्री में यह पूरा खेल चल रहा था, जिसे गुजरात के कोयला माफियाओं ने किराए पर ले रखा था।

कैसे हुआ खुलासा?

ADG क्राइम दिनेश एमएन ने प्रेस को जानकारी दी कि कुछ समय से क्राइम ब्रांच को कोयला चोरी और मिलावट की सूचनाएं मिल रही थीं। मुखबिरों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया गया और आखिरकार एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ हुआ।

कहा हो रही थी मिलावट?

पिंडवाड़ा-आबूरोड NH-27 पर भुजेला गांव में तुलसी होटल के पीछे स्थित एक बंद फैक्ट्री में यह सारा गैरकानूनी काम चल रहा था। इस फैक्ट्री को माफियाओं ने कोयले की मिलावट और अवैध भंडारण के लिए किराए पर लिया था।

कैसे करते थे गोरखधंधा?

गिरोह के सदस्य ट्रक चालकों को मोटी रकम का लालच देकर उन्हें अपने जाल में फंसा लेते थे। अमेरिका से आयातित शुद्ध पेटकोक कोयला लाने वाले ट्रकों से ये अपराधी 5 से 10 टन कोयला निकाल लेते थे और उसकी जगह नकली कोयला पाउडर और डस्ट भर देते थे।
इसके बाद असली कोयले को ये माफिया छोटी औद्योगिक इकाइयों को ऊंचे दामों पर बेच देते थे। इस तरह वे लाखों रुपये की अवैध कमाई कर रहे थे।

 ट्रक ड्राइवरों की मिलीभगत

जांच में यह भी सामने आया है कि कई ट्रक चालक गिरोह से मिले हुए थे। उन्हें कोयले की चोरी करने के बदले प्रति ट्रक मोटा कमीशन दिया जाता था। अब पुलिस इस नेटवर्क में शामिल ड्राइवरों और फैक्ट्री मालिकों की पहचान कर कार्रवाई की तैयारी कर रही है।

पुलिस की कार्रवाई

CID क्राइम ब्रांच की टीम ने फैक्ट्री पर छापेमारी कर भारी मात्रा में नकली और असली कोयला जब्त किया है। मौके से कुछ दस्तावेज और मोबाइल रिकॉर्ड भी बरामद हुए हैं, जिनके आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।

यह है मामला:

  • कोयला प्रकार: अमेरिका से आयातित पेटकोक (Petroleum Coke)
  • मिलावट स्थल: बंद फैक्ट्री, भुजेला (सिरोही)
  • गिरोह का तरीका: ट्रकों से चोरी, पाउडर मिलावट, अवैध बिक्री
  • लाभ: करोड़ों रुपये की काली कमाई
  • कार्रवाई: पुलिस द्वारा छापा, सामग्री जब्त, जांच जारी

राजस्थान पुलिस इस पूरे नेटवर्क की परत-दर-परत जांच कर रही है। जल्द ही और गिरफ्तारियों की संभावना जताई जा रही है। ADG दिनेश एमएन ने साफ किया है कि इस मामले में किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।