जयपुर, 15 जुलाई: राजस्थान में इस मानसून के दौरान बीसलपुर बांध में जलस्तर में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है। सोमवार तक बांध का जलस्तर 314.12 आरएल मीटर पर पहुंच गया है। बीते 24 घंटों में 9 सेंटीमीटर पानी की आवक हुई है, जिससे त्रिवेणी के बहाव क्षेत्र में जलस्तर बढ़कर 3.20 मीटर हो गया है।

बांध में इस समय तक कुल 29.116 टीएमसी पानी एकत्र हो चुका है, जबकि इस मानसून सीजन में बीसलपुर क्षेत्र में अब तक 463 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई है। लगातार हो रही बारिश और नदियों में बढ़ते जलस्तर को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया है।

चम्बल नदी भी उफान पर

चम्बल नदी का जलस्तर भी तेजी से बढ़ रहा है। कोटा बैराज से छोड़े गए पानी के कारण नदी का स्तर बढ़कर 130.10 मीटर तक पहुंच गया है। हालांकि खतरे का निशान 130.79 मीटर है, लेकिन प्रशासन ने एहतियातन कदम उठाते हुए लोगों को सतर्क रहने की अपील की है।

कोटा कलेक्टर श्रीनिधि बीटी ने नदी किनारे जाने पर रोक लगाते हुए एडवाइजरी जारी की है। प्रशासन द्वारा संवेदनशील इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है और जलभराव वाले स्थानों पर जिला प्रशासन और पुलिस लगातार मॉनिटरिंग कर रही है।

अन्य बांधों में भी हो रही पानी की आवक

बीसलपुर और चम्बल के साथ-साथ जिले के अन्य प्रमुख बांधों में भी लगातार पानी की आवक बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों में और बारिश होने की संभावना जताई है, जिससे जलस्तर में और वृद्धि हो सकती है।

जनता से अपील: प्रशासन ने जनता से अपील की है कि नदियों और जलाशयों के पास अनावश्यक रूप से न जाएं, और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।