जयपुर, 25 जुलाई। आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जयपुर शहर और ग्रामीण इलाकों में बड़ी कार्रवाई की गई। आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देशानुसार की गई इस संयुक्त कार्रवाई में कुल 60 कार्टन अवैध शराब जब्त की गई और 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया।
अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, जोन जयपुर ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर क्षेत्र में एक स्कॉर्पियो वाहन से 30 कार्टन नकली होलोग्राम वाली देशी शराब बरामद की गई। इसके अलावा जयपुर ग्रामीण में एक स्कूटी से 6 कार्टन (288 पव्वे), झोटवाड़ा क्षेत्र में 305 पव्वे आरएमएल ब्रांड की शराब और दादी का फाटक क्षेत्र से 26 पव्वे घूमर ब्रांड की शराब बरामद की गई।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में मुकेश जांगिड़, अर्जुन सिंह, राकेश जाट, वरुण सिंह, राजू यादव और चौमूं क्षेत्र से एक महिला शामिल है। चौमूं में की गई दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 23 कार्टन और 121 पव्वे अवैध शराब जब्त की गई।
यह कार्रवाई आबकारी उपायुक्त जयपुर के निर्देशन में जिला आबकारी अधिकारी देविका तोमर, सहायक आबकारी अधिकारी शिवकुमार सिंह व प्रदीप बिश्नोई, आबकारी निरीक्षक जितेन्द्र सिंह शेखावत व गगन यादव, और प्रहराधिकारी नरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में की गई।
जिला प्रशासन ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ यह अभियान आगे भी सख्ती से जारी रहेगा।






















































































































