जयपुर/झालावाड़, 25 जुलाई। झालावाड़ जिले में शुक्रवार सुबह हुए स्कूल हादसे को लेकर प्रदेश के शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गहरी संवेदना जताई है। सरकारी स्कूल की छत गिरने से अब तक 8 बच्चों की दर्दनाक मौत हो चुकी है, जबकि कई छात्र गंभीर रूप से घायल हैं।

हादसे की जानकारी मिलते ही शिक्षा मंत्री ने अपने भरतपुर दौरे के सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए और सीधे झालावाड़ के लिए रवाना हो गए। रवाना होने से पहले मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, “घायलों को तुरंत राहत पहुंचाना और उनका इलाज कराना हमारी प्राथमिकता है। प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच चुके हैं और उपचार की निगरानी की जा रही है। मैं स्वयं घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लूंगा।”

मदन दिलावर ने राज्य की जर्जर स्कूल भवनों की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि सरकार ने इस दिशा में काम शुरू कर दिया है। “प्रदेशभर में कई स्कूल भवन जर्जर स्थिति में हैं। उनकी मरम्मत के लिए 200 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं और कार्य चरणबद्ध तरीके से जारी है,” उन्होंने कहा।

शिक्षा मंत्री ने बताया कि जिन स्कूलों की स्थिति अत्यंत खराब है, वहां बच्चों को पहले से ही बैठाने पर रोक लगाई गई है। “ऐसे भवनों को चिन्हित कर खाली कराया जा रहा है। यह घटना बेहद दुखद है। घायल बच्चों के जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। सरकार हादसे की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई करेगी,” उन्होंने कहा।