पाली/फालना – खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में “शुद्ध आहार – मिलावट पर वार” अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए फालना कस्बे की ऑटोबा इंडस्ट्रीज आचार फैक्ट्री में 930 किलोग्राम फंगसयुक्त और बदबूदार आचार जब्त कर उसे मौके पर ही नष्ट करवाया। वहीं, रीको इंडस्ट्रियल क्षेत्र स्थित आशा महिला मिल्क प्रोड्यूसर लिमिटेड के दूध सीलिंग प्लांट पर छापा मारकर गंभीर अनियमितताएं पकड़ी गईं।
खाद्य निरीक्षक सुरेश चंद्र शर्मा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में दूध और आचार के नमूने जोधपुर स्थित FSSAI अधिसूचित प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे गए हैं।
फंगस और दुर्गंध से भरा आचार
सूत्रों से मिली शिकायत पर की गई छापेमारी में ऑटोबा फैक्ट्री में 12 ड्रमों में भरे करीब 930 किलो आचार पाया गया, जो फंगस से संक्रमित था और उसमें से तेज दुर्गंध आ रही थी। स्वास्थ्य के लिए खतरनाक इस आचार को मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
दूध प्लांट में भी अनियमितताएं
इसी अभियान के तहत रीको क्षेत्र स्थित दूध सीलिंग प्लांट में छापेमारी की गई, जहां दूध की गुणवत्ता और पैकिंग प्रक्रिया में कई खामियां पाई गईं। स्वच्छता और खाद्य मानकों की अनदेखी के चलते दूध के नमूने संदिग्ध पाए गए।
जांच के बाद होगी सख्त कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम, 2006 के तहत रिपोर्ट आने पर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। निरीक्षक सुरेश चंद्र शर्मा ने कहा, “हम उपभोक्ताओं को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मिलावट करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।”











































































































































































































































































































































































































































































































































































































