अजमेर,
राजस्थान के अजमेर ज़िले में मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है। गेगल थाना क्षेत्र के तहत आने वाले उतड़ा गांव में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां बकरियां चराने गईं चार युवतियां गांव की एक नाड़ी (बरसाती नदी) में अचानक आए तेज बहाव की चपेट में आ गईं।

तीन सगी बहनों की मौत, एक युवती गंभीर

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डूबीं युवतियों में से सिमरन, बिलकिस और नाज़िया तीनों आपस में सगी बहनें थीं, जिनकी मौके पर ही मौत हो गई। चौथी युवती आशु, जो इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुई, उसे अचेत अवस्था में JLN अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज जारी है।

शवों को चिरघर में रखवाया गया, ग्रामीणों में शोक

तीनों मृतकों के शवों को JLN अस्पताल के चिरघर (मॉर्चरी) में रखवाया गया है। पूरे गांव में शोक की लहर है। हादसे के बाद ग्रामीणों की भारी भीड़ अस्पताल पहुंची और प्रशासन से जल्द राहत व सहायता की मांग की।


200 MM बारिश ने बढ़ाई मुश्किलें, झीलों में आया उफान

पिछले 32 घंटों में अजमेर में 200 MM बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसका असर शहर की झीलों पर भी दिखा है:

  • वरुण सागर झील की 2.5 फीट की चादर चल रही है।
  • आनासागर झील में 17 फीट पानी भर चुका है।
  • कैचमेंट एरिया से अब भी लगातार झीलों में पानी की आवक जारी है।

जलभराव से राहत, प्रशासन सक्रिय

शहर के लगभग 90% हिस्सों में जलभराव की स्थिति नहीं है। जहां भी जलभराव हुआ है, वहां SDRF व NDRF की टीमें तैनात की गई हैं।
प्रशासन द्वारा रेस्क्यू सेंटर बनाए गए हैं और प्रभावितों को सेक्टर वाइज स्थानांतरित किया जा रहा है। साथ ही, राहत के तौर पर फूड पैकेट भी वितरित किए जा रहे हैं।

कलेक्टर लोक बंधु स्वयं फील्ड में जाकर हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। ADM, SDM, नगर निगम और ADA की टीमें युद्धस्तर पर राहत कार्यों में जुटी हैं।