जयपुर, 22 जुलाई। जयपुर जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित और प्रभावी निपटारे को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने की।
बैठक में डॉ. सोनी ने तहसीलदारों और उपखण्ड अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे कुर्रेजात, सीमाज्ञान, नामांतरण, पत्थरगढ़ी और भू-रूपांतरण जैसे लंबित प्रकरणों की समयबद्ध सुनवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने न्यायालयों में नियमित रूप से सुनवाई करने और बार-बेंच के बीच समन्वय बनाए रखने पर ज़ोर दिया।
इसके साथ ही कलक्टर ने हाल ही में आयोजित वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान और अंत्योदय संबल शिविरों की समीक्षा करते हुए, विभिन्न योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश भी दिए। उन्होंने “रास्ता खोलो अभियान”, “नरेगा आखर”, और “पंच गौरव प्रोत्साहन योजना” को ज़मीनी स्तर पर बेहतर ढंग से लागू करने को कहा।
जनसुरक्षा योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलक्टर ने अधिक से अधिक लोगों को प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, सुरक्षा बीमा योजना, जनधन योजना और अटल पेंशन योजना से जोड़ने की अपील की।
बैठक में पेंशन और सामाजिक सुरक्षा से जुड़े मामलों के निस्तारण पर भी ज़ोर दिया गया। कलक्टर ने अधिकारियों से रात्रि चौपाल और क्षेत्रीय निरीक्षण नियमित रूप से करने और राजस्थान संपर्क पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर (प्रथम) विनीता सिंह, (द्वितीय) आशीष कुमार, (चतुर्थ) देवेन्द्र कुमार जैन, (दक्षिण) संतोष मीणा, (दूदू) गोपाल परिहार सहित सभी उपखण्ड अधिकारी, तहसीलदार और संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।






















































































































