जयपुर, 26 जुलाई।
मानसून सीजन में किसी भी अप्रिय घटना की रोकथाम को लेकर जयपुर जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने विद्यालयों और आंगनबाड़ी केंद्रों की स्थिति को लेकर अधिकारियों को विशेष दिशा-निर्देश जारी किए हैं। निर्देशों के तहत छात्रों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए, जर्जर भवनों की पहचान, मरम्मत और वैकल्पिक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के आदेश दिए गए हैं।
शनिवार को राजकीय अवकाश के बावजूद उपखंड अधिकारी, तहसीलदार, बीडीओ, सीबीईओ सहित अन्य अधिकारी फील्ड में उतरे और जिलेभर में स्कूल व आंगनबाड़ी भवनों का निरीक्षण किया। जर्जर भवनों की मरम्मत के साथ-साथ सुरक्षित स्थानों पर संचालन की व्यवस्था के निर्देश दिए गए।
जिला कलक्टर ने सभी जर्जर और क्षतिग्रस्त भवनों को तत्काल खाली कराने और उनका शैक्षणिक गतिविधियों में उपयोग पूर्णतः प्रतिबंधित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही विद्युत विभाग को भी क्षेत्र में ढीली तारें, जर्जर पोल और ट्रांसफॉर्मरों की स्थिति दुरुस्त कर सर्टिफिकेट जारी करने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, स्कूल परिसरों में जलभराव रोकने, छतों की नियमित सफाई, नालियों की व्यवस्था, खुले कुओं-बोरवेल को बंद करने और चेतावनी बोर्ड लगाने जैसे तमाम सुरक्षा उपाय तत्काल प्रभाव से लागू करने के लिए कहा गया है।
सख्ती के संकेत देते हुए कलक्टर ने चेताया कि किसी भी दुर्घटना की स्थिति में संबंधित अधिकारी की व्यक्तिगत जिम्मेदारी तय की जाएगी।






















































































































