राजस्थान के झालावाड़ जिले में शुक्रवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मनोहरथाना ब्लॉक के पीपलोदी गांव में एक सरकारी स्कूल की छत गिर गई, जिसमें 7 बच्चों की मौत हो गई और 17 बच्चे घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ जब बच्चे सुबह की प्रार्थना के लिए इकट्ठा हो रहे थे।
घटना के बाद ग्रामीणों और शिक्षकों ने बच्चों को मलबे से बाहर निकाला। घायल बच्चों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जिनमें से 10 को झालावाड़ रेफर किया गया है। इनमें से 3-4 बच्चों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
इस हादसे के बाद राज्य की राजनीति गर्मा गई है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सिस्टम की लापरवाही से बच्चों की जान गई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को खुद इस मामले पर ध्यान देना चाहिए। साथ ही डोटासरा ने कहा कि जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत होनी चाहिए और जब तक मरम्मत नहीं होती, बच्चों को सुरक्षित स्कूलों में भेजा जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने इस हादसे पर दुख जताते हुए अधिकारियों को घायल बच्चों के बेहतर इलाज के निर्देश दिए हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने घटना की उच्च स्तरीय जांच कराने की बात कही है।
पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने भी हादसे पर शोक जताया है और सरकार से सवाल किए हैं।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्रशासन की ओर से राहत कार्य जारी है।






















































































































