भरतपुर/बयाना।
आज के समय में सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने की होड़ इस कदर बढ़ गई है कि लोग अपनी जान की परवाह किए बिना खतरनाक हरकतें करने से भी नहीं चूकते। ऐसा ही एक मामला राजस्थान के भरतपुर जिले की बयाना तहसील से सामने आया है, जहां दो युवकों ने रील बनाने के चक्कर में अपनी जान जोखिम में डाल दी।
दरअसल, करौली जिले के पांचना बांध से पानी छोड़े जाने के बाद गंभीर नदी में उफान आ गया है। प्रशासन ने पहले ही लोगों को अलर्ट किया था, लेकिन इसके बावजूद बयाना क्षेत्र के दो युवकों ने सोशल मीडिया पर वायरल होने की सनक में खतरनाक स्टंट किया।
बाइक लेकर नदी में उतरे, वीडियो वायरल
दोनों युवकों ने उफनती नदी में तेज बहाव के बीच अपनी बाइक चलाते हुए रील बनाई और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद यह बयाना के डीएसपी कृष्ण कुमार जांगिड़ की नजर में आया।
पुलिस ने बुलाया, युवकों ने मांगी माफी
वीडियो को गंभीरता से लेते हुए डीएसपी ने दोनों युवकों को अपने कार्यालय बुलाया। पूछताछ के दौरान युवकों ने माना कि उन्होंने सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज़ के लिए यह जोखिम भरा कदम उठाया। पुलिस के समझाने के बाद युवकों ने न केवल माफी मांगी बल्कि एक और वीडियो बनाकर लोगों को ऐसा न करने की अपील भी की।
गंभीर नदी बनी जानलेवा, पहले भी जा चुकी हैं कई जानें
गौरतलब है कि जब भी पांचना बांध से पानी छोड़ा जाता है, भरतपुर की गंभीर नदी उफान पर आ जाती है। इस नदी में कई गहरे गड्ढे हैं और पिछले वर्षों में भी कई लोगों की डूबने से मौत हो चुकी है। ऐसे में इस तरह का स्टंट करना बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना हरकत मानी जा रही है।











































































































































































































































































































































































































































































































































































































