जयपुर, 29 जुलाई 2025 — जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक मंगलवार को अतिरिक्त जिला कलक्टर (शहर दक्षिण) संतोष कुमार मीणा की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में मानसून के दौरान सड़कों पर जलभराव और गड्ढों की समस्या को दूर करने के लिए नगर निगम व जेडीए को तुरंत कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

अधिकारियों से कहा गया कि जहां-जहां पानी जमा हो रहा है, वहां मड पंप लगाकर निकासी करवाई जाए और सड़कों के गड्ढों को अविलंब भरा जाए। साथ ही, एनएचएआई के 23 ब्लैक स्पॉट्स की जांच के लिए पीडब्ल्यूडी और पुलिस की संयुक्त टीम गठित कर 15 दिन में रिपोर्ट देने को कहा गया।

उन्होंने सड़क कटिंग के कार्यों में आपसी समन्वय बनाने, बार-बार सड़क कटिंग से बचने और लोगों को असुविधा न होने के निर्देश भी दिए।

यातायात पुलिस उपायुक्त सुमीत मेहरड़ा ने टोल प्लाज़ा पर सभी केबिनों में पर्याप्त कर्मचारियों की नियुक्ति, चालकों के लिए स्वच्छ शौचालय, और समय की बचत सुनिश्चित करने पर जोर दिया। दुर्घटनाग्रस्त लोगों को समय पर अस्पताल पहुंचाने वाले गुड समेरिटन्स को सम्मानित करने तथा हेलमेट, सीट बेल्ट, तेज गति और मोबाइल इस्तेमाल जैसे नियम उल्लंघनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

बैठक में सड़क सुरक्षा क्लबों को सक्रिय करने, साइकिल चालकों की सुरक्षा, स्कूलों में वाहनों की सुरक्षित आवाजाही और बाल वाहिनी योजना के पालन पर भी चर्चा हुई।

बैठक में पीडब्ल्यूडी, पुलिस, यातायात पुलिस, जे़डीए, एनएचएआई, स्वास्थ्य, परिवहन और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।