जयपुर, 24 जुलाई। राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से पुस्तकालयाध्यक्ष ग्रेड-3 संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा-2024 का आयोजन 27 जुलाई, रविवार को किया जाएगा। परीक्षा दो पारियों में होगी – पहली पारी सुबह 10 से 12 बजे तक और दूसरी पारी दोपहर 3 से 5 बजे तक आयोजित की जाएगी।
जयपुर शहर में परीक्षा के लिए 74 केंद्र बनाए गए हैं, जिन पर 21,782 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। अतिरिक्त जिला कलक्टर (जयपुर शहर-पूर्व) गोपाल सिंह शेखावत ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए कलेक्ट्रेट में कमरा नंबर 116 में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष 25 से 27 जुलाई तक काम करेगा।
परीक्षा के दिन नियंत्रण कक्ष सुबह 8 बजे से खुला रहेगा और परीक्षा पूरी होने तक काम करेगा। जयपुर के लिए नियंत्रण कक्ष का फोन नंबर 0141-2206699 रहेगा, जहां से परीक्षा केंद्रों से जुड़ी जानकारी और शिकायतों का समाधान किया जाएगा।
परीक्षा के सफल आयोजन के लिए 54 उप-समन्वयक और 13 उड़नदस्तों की नियुक्ति की गई है। पुलिस, नगर निगम, यातायात, शिक्षा, चिकित्सा, विद्युत, रोडवेज और जेसीटीसीएल सहित विभिन्न विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।






















































































































