राजधानी जयपुर में आबकारी विभाग ने नकली देसी शराब की बड़ी खेप बरामद की है। विभाग ने शुक्रवार सुबह तड़के कार्रवाई करते हुए 60 पेटी नकली शराब जब्त की, जिसमें से 40 पेटी जयपुर शहर और 20 पेटी जयपुर ग्रामीण क्षेत्र से पकड़ी गई।
कार्रवाई आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते के निर्देश पर की गई। जयपुर शहर जिला आबकारी अधिकारी देविका तोमर के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई में सहायक आबकारी अधिकारी प्रदीप बिश्नोई और शिवकुमार ने अहम भूमिका निभाई।
पुलिस ने इस मामले में एक कार और दो दोपहिया वाहन जब्त किए हैं। साथ ही, नकली शराब के कारोबार में लिप्त 5 लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि पिछले कई महीनों से जयपुर में नकली देसी शराब की सप्लाई की जा रही थी। कार्रवाई की सूचना जयपुर सीआई जितेन्द्र सिंह और ग्रामीण सीआई गगन यादव द्वारा दी गई थी। मामले की जांच जारी है।






















































































































