जयपुर, 24 जुलाई। जयपुर में “हरियालो राजस्थान” अभियान की तैयारियों को लेकर गुरुवार को जिला कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलेक्टर डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी ने की।

डॉ. सोनी ने अधिकारियों को 27 जुलाई को हरियाली तीज के मौके पर अधिक से अधिक पौधे लगाने और जिले को दिए गए पौधारोपण लक्ष्य को पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह अभियान केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि आमजन की भागीदारी से चलने वाला जन आंदोलन है।

बैठक में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, भामाशाहों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और मीडिया की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिले के सभी शासकीय कार्यालयों, स्कूलों, अस्पतालों, चारागाहों और सार्वजनिक स्थलों पर पौधारोपण किया जाएगा।

बैठक में नगर निगम, वन विभाग, शिक्षा विभाग, जल संसाधन विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने सभी विभागों से सहयोग और समन्वय के साथ अभियान को सफल बनाने का आग्रह किया।