पटना, 23 जुलाई। बिहार विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं संसद के गलियारों में घमासान वैसे-वैसे तेज होता जा रहा है। चुनाव आयोग ने वोटर लिस्ट के पुनरीक्षण अभियान में आज जो रिपोर्ट पेश की है उसके तहत 7.17 करोड़ लोगों के गणना फार्म प्राप्त हुए हैं। इसके साथ ही आयोग ने बताया कि मतदाता सूची की सत्यापन प्रक्रिया में अभी तक 20 लाख वोटर मृत पाए गए एवं 28 लाख वोटर ऐसे पाए गए जो अन्य विधानसभा क्षेत्र में जा चुके हैं। इसके साथ ही सात लाख वोटर ऐसे पाए गए जो दो-दो जगह पर मतदाता सूची में शामिल हैं।
चुनाव आयोग का कहना है कि हम हरसंभव प्रयास करने में जुटे हैं जिससे हर एक मततादा तक पहुंचा जा सके। ताकि आगामी 1 अगस्त को जारी होने वाली सूची में कोई मतदाता छूट न जाए। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने बताया कि —

चुनाव आयोग के मुताबिक 98.01% मतदाताओं को कवर किया जा चुका है।
इस प्रक्रिया में 20 लाख मृत मतदाताओं के नाम चिह्नित किए गए हैं।
इसके अतिरिक्त, 28 लाख मतदाताओं के नाम पाए गए जो स्थायी रूप से प्रवास कर चुके हैं।
7 लाख मतदाताओं के वोट एक से अधिक स्थानों पर दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।
1 लाख मतदाताओं का कोई पता नहीं चल पा रहा है।
15 लाख मतदाताओं के फॉर्म अभी तक वापस प्राप्त नहीं हुए हैं।
कुल 7.17 करोड़ मतदाताओं (90.89%) के फॉर्म प्राप्त हो चुके हैं और उन्हें डिजिटाइज्ड किया जा चुका है।